18 नवंबर को होगी इंटरार्क फैक्ट्री गेट में किसान महापंचायत

Spread the love

काशीपुर। ग्राम नंदपुर नरका टोपा में इंटरार्क मजदूर संगठनों की समस्याओं को लेकर किसान और मजदूर संगठनों की बैठक हुई। यहां 29 अक्टूबर को होने वाली वार्ता में मजदूरों के पक्ष में निर्णय नहीं आने पर 18 नवंबर को होने वाली महापंचायत की रणनीति तैयार की गई। किच्छा में अपनी मांगों को लेकर इंटरार्क कर्मचारियों द्वारा 15 महीने से आंदोलन किया जा रहा है, लेकिन कर्मचारियों की मांगे फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा पूरी नहीं की जा रही है।
गुरुवार को ग्राम नंदपुर नरका टोपा में भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष कर्म सिंह पड्डा के आवास में बैठक आयोजित हुई। बैठक में किसान और मजदूर संगठन से जुड़े लोगों ने भाग लिया। निर्णय लिया गया कि 29 अक्टूबर को डीएम की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में यदि मजदूरों के पक्ष में निर्णय नहीं आता है तो 18 नवंबर को भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के नेतृत्व में फैक्ट्री गेट के बाहर महापंचायत आयोजित की जाएगी। भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष कर्म सिंह पड्डा ने कहा कि मजदूरों के सामने रोजी-रोटी का संकट मंडराने लगा है। ऐसे में यदि जल्द ही मजदूरों की समस्याओं का समाधान नहीं किया जाएगा तो सभी किसान व मजदूर संगठन मिलकर आंदोलन करेंगे। किसान नेता जगतार सिंह बाजवा ने कहा कि सभी किसानों और मजदूरों को उम्मीद है कि 29 अक्टूबर को होने वाली बैठक में मजदूरों के पक्ष में निर्णय आएगा। यदि मजदूरों के पक्ष में निर्णय नहीं आता तो उग्र आंदोलन की तैयारी शुरू की जाएगी। यहां विक्की रंधावा, जगदीप सिंह, जितेंद्र सिंह जीतू, प्रताप सिंह संधू, हरप्रीत सिंह निज्जर, दलजीत सिंह आदि मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *