किसानों ने भाजपा नेताओं के विरोध में मोर्चा खोला

Spread the love

-मंत्री आर्य के आगमन का विरोध करने को किसान होंगे एकजुट
काशीपुर। कृषि कानूनों के विरोध में किसानों ने भाजपा नेताओं को लेकर मोर्चा खोल दिया है। इस विरोध के चलते किसानों ने समाज कल्याण मंत्री के आज होने वाले कार्यक्रम का विरोध करने का ऐलान कर दिया है। साथ ही अन्य भाजपा नेताओं को भी चेतावनी दी है जब तक तीनों कृषि कानून केंद्र नहीं होंगे, उन्हें शहर में घुसने नहीं देंगे। बीते दिनों किसान सम्मेलन में किसानों ने भाजपा नेताओं की विधानसभा में एंट्री बैन करने का ऐलान किया था। कहा जब तक केंद्र सरकार कृषि कानून रद्द नहीं करेगी, तब तक किसी भी भाजपा नेता को शहर में घुसने नहीं दिया जायेगा। ऐसे में बुधवार को समाज कल्याण मंत्री यशपाल आर्य रामराज रोड स्थित एक पैलेस में व्यापार मंडल के शपथ ग्रहण समारोह में पहुंच रहे हैं। इसकी सूचना मिलने से आक्रोशित किसानों ने मंगलवार को गुरुद्वारा सिंह सभा में बैठक कर मंत्री के विरोध करने की रणनीति बनाई। किसानों ने तय किया मंत्री आर्य के आगमन का विरोध करने के लिये किसान फौजी कॉलोनी गुरुद्वारा साहिब में एकजुट होंगे। यहां से रामराज रोड स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। किसान नेता कुलविंदर सिंह किंदा ने कहा किसानों का विरोध मंत्री आर्य से व्यक्तिगत नहीं है। लेकिन भाजपा के मंत्री होने के चलते किसान उनका विरोध करेंगे। विक्रमजीत गिल ने कहा सभी किसान विरोध कार्यक्रम के लिये सुबह 11 बजे एकजुट होंगे। यहां भाकियू ब्लॉक अध्यक्ष प्रताप सिंह संधू, विक्की रंधावा, मंजीत सिंह नरवाल, सोनू गिल, मंगा सिंह, हरविंदर सिंह, हन्नी चीमा, गगन सरना, कुलवंत सिंह, प्रवीण कंबोज, अमरजीत सिंह, रक्षपाल सिंह ढिल्लो, गुरदेव लाहोरिया, पिंदरपाल सिंह, मोनू संधू रहे।
आज होना है व्यापार मंडल का शपथ ग्रहण समारोह
बाजपुर। बुधवार यानी आज रामराज रोड स्थित रॉयल गार्डन में प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल का शपथ ग्रहण समारोह होना है। इस समारोह में दोपहर 3 बजे समाज कल्याण मंत्री बतौर मुख्य अतिथि पहुंचेंगे और नवीन कार्यकारिणी को शपथ दिलायेंगे। बता दें नगर में नौ वर्षों के लंबे अंतराल के बाद व्यापार मंडल का चुनाव बीते तीन मार्च को संपन्न हुआ है। इस चुनाव में गणेश राय खुल्लर को अध्यक्ष और ललित कोछड़ वायटी को महामंत्री चुना गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *