नई टिहरी()। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से मुख्यमंत्री स्तर पर मांगे गए 10 प्रमुख कार्यों पर चर्चा करते हुए टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि इन मांगों में टिहरी विधानसभा को ओबीसी श्रेणी में शामिल करने का प्रस्ताव भी था, लेकिन शासन स्तर से इसे अभी संभव नहीं बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस विषय पर शीघ्र ही मुख्यमंत्री से मुलाकात कर विस्तृत वार्ता की जाएगी। विधायक उपाध्याय जिला भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जनपद मुख्यालय के इणियां में मेडिकल कॉलेज निर्माण की कार्यवाही प्रगति पर है। इस विषय में प्रदेश से लेकर केंद्र स्तर तक बैठकें हो चुकी हैं। उन्होंने कहा सर्वपक्षीय सहयोग से यह कॉलेज जल्द बनेगा। उन्होंने बताया कि रानीचौरी परिसर को फॉरेस्ट्री विश्वविद्यालय और हाइड्रो कॉलेज को आईआईटी का हिल कैंपस बनाने की प्रक्रिया भी चल रही है। हाइड्रो कॉलेज में कुछ कक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। यहाँ लगभग 6 करोड़ की लागत से बाउंड्री वॉल और सड़क निर्माण का कार्य प्रगति पर है। श्रीदेव सुमन विवि का परिसर जौल गांव में स्थापित करने के लिए भूमि तलाशने की प्रक्रिया भी तेज है। जिला मुख्यालय पर क्रिटिकल केयर यूनिट स्थापित करने की कार्यवाही आगे बढ़ चुकी है, जिसके लिए अतिरिक्त 9 करोड़ रुपये की व्यवस्था प्रदेश सरकार करेगी। जिला मुख्यालय में अतिरिक्त भूमि की समस्या के समाधान की दिशा में भी प्रगति हो रही है। विधायक उपाध्याय ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र की सभी प्रमुख समस्याओं के समाधान के लिए प्रधानों, जिला पंचायत सदस्यों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जनता को सकारात्मक सोच के साथ सर्वपक्षीय प्रयास करना चाहिए। इस मौके पर भाजपा के जिला उपाध्यक्ष राम लाल नौटियाल, जयेंद्र पंवार, विजय कठैत, सुरेश तोपवाल, महादेव मैठाणी, शीश राम थपलियाल, तौफीक, शांति प्रसाद डिमरी सहित दर्जनों मौजूद।