कोरोना वायरस का खौफ, यात्रियों की कमी, बसों की संख्या भी घटी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार।
कोरोना वायरस की मार से परिवहन निगम का कोटद्वार डिपो भी प्रभावित हुआ है। आलम यह है कि बसों में बहुत कम संख्या में यात्री सफर कर रहे हैं। अक्सर भीड़ से गुलजार रहने वाले बस स्टैंड पर पिछले दो-तीन दिनों में यात्रियों की संख्या में काफी कमी आई है। दिल्ली रूट पर सबसे अधिक यात्रियों की कमी आई है। यात्रियों की कमी होने का असर डिपो की आमदनी पर भी पड़ रहा है।
उत्तराखंड परिवहन निगम का कोटद्वार महत्वपूर्ण डिपो है। डिपो से प्रतिदिन बहुतायत में यात्री दिल्ली, गाजियाबाद, मेरठ, फरीदाबाद, गुड़गांव, राजस्थान, चंडीगढ़, पंजाब, देहरादून व हरिद्वार आदि शहरों के लिए सफर करते हैं। साथ ही यहां से पहाड़ी क्षेत्रों के लिए भी बसें संचालित होती हैं। सामान्य दिनों में रोडवेज बस पर यात्रियों की भीड़ रहती है। यात्रियों को बसों में सीट के लिए मशक्कत करनी पड़ती है, लेकिन कोरोना वायरस के प्रकोप का असर डिपो पर भी दिखाई दे रहा है। स्थिति यह है कि दिल्ली जाने वाली बसों में भी यात्रियों की संख्या बेहद कम है। यही हाल अन्य मार्गों की बसों का भी है। गुरुवार को भी रोडवेज बस अड्डे पर सन्नाटा नजर आया। दोपहर के समय स्टैंड पर बहुत कम संख्या में यात्री दिखाई दिए। कई बसें तो ऐसी थी कि जिनमें 15-20 यात्री ही सफर कर रहे थे। सूत्रों के अनुसार सुबह 11 बजे तक दिल्ली के लिए डिपो से दिल्ली रूट पर 9 बसें संचालित होती है, लेकिन गुरूवार को सुबह 11 बजे तक छ: बसें ही संचालित हो पाई। यात्रियों की कमी के कारण तीन बसें संचालित नहीं हो पाई। यात्रियों की संख्या कम होने का कारण देश में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को माना जा रहा है। देश में एक बार फिर तेजी से कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे लोग बसों में सफर करने से बच रहे है।
उधर, रोडवेज डिपो कोटद्वार के एआरएम टीकाराम आदित्य ने बताया कि वर्तमान में डिपो की बसों में यात्रियों की संख्या घट गई हैं। उन्होंने बताया कि 6 अप्रैल को डिपो की 728134 रूपये की आय हुई थो, जो यात्रियों की कमी के कारण 7 अप्रैल को घटकर 678189 रूपये हो गई।

कुंभ में जायेगीं 35 बसें
कोटद्वार।
उत्तराखंड परिवहन निगम के महत्वपूर्ण कोटद्वार डिपो में 71 बसें है। जिसमें 52 निगम की, 14 अनुबंधित और 5 जनरल एसी की बसें शामिल है। कोरोना महामारी के बाद से डिपो से तीन ही जनरल एसी बसें संचालित की जा रही है। यात्रियों की कमी के कारण दो बसें संचालित नहीं की जा रही है। रोडवेज डिपो कोटद्वार के एआरएम टीकाराम आदित्य ने बताया कि डिपो से कुंभ में 35 बसें भेजी जायेगी। जिसमें 25 निगम की और 10 अनुबंधित बसें शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *