जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : 17 गढ़वाल राइफल जम्मू में तैनात कोटद्वार निवासी हवलदार सोहन सिंह की गत रविवार शाम हृदय गति रुकने से मौत हो गई। उनकी मौत की खबर सुनते ही यहां उनके घर पर मातम छा गया। सेना के जवान हवलदार सोहन सिंह के शव को लेकर कोटद्वार उनके आवास पर आ रहे हैं।
17 गढ़वाल राइफल के सूबेदार दयानंद ने बताया कि रविवार शाम को हवलदार सोहन सिंह को अचानक सीने में दर्द उठा। जब तक उन्हें अस्पताल ले जाते, तब तक उन्होंने दम तोड़ दिया था। उन्होंने बताया कि मोटाढ़ाक निवासी सोहन सिंह अपने पीछे अपनी पत्नी व तीन बच्चों को छोड़ गए हैं। उनके निधन की खबर सुनते ही उनके परिचितों का घर पर तांता लगा हुआ है। 38 वर्षीय सोहन सिंह एक माह पहले ही छुट्टी पर घर आए थे। परिवार के साथ छुट्टी बिताने के बाद वह जनवरी अंत में वापस अपनी यूनिट में शामिल हुए थे।