कोटद्वार में फिर मृत मिला एक पक्षी, 43 पहुंची संख्या

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। कोटद्वार में पक्षियों के मरने का सिलसिला लगातार जारी है। कोटद्वार में अभी तक करीब 43 पक्षी इस बीमारी से अपनी जान गंवा चुके हैं। पक्षियों की लगातार हो रही मौतों से लोग भी भयभीत हैं। मंगलवार को कोटद्वार क्षेत्र में एक पक्षी मृत मिला।
मंगलवार को वन विभाग को रूपनगर कौड़िया में एक कौआ मृत पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही तत्काल वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन कर्मियों ने पक्षी को कब्जे में ले लिया। वन क्षेत्राधिकारी कोटद्वार रेंज शीतल वैध ने बताया कि मंगलवार को एक कौआ मृत मिला। पक्षी के शव को सुरक्षित तरीके से दफना दिया है। उन्होंने बताया कि अब तक करीब 43 पक्षियों की मौत हो चुकी है। कोटद्वार में 8 जनवरी को चार कौऔं की मौत हुई थी। सूचना पर मौके पर उपजिलाधिकारी योगेश मेहरा, तहसीलदार विकास अवस्थी, पशु चिकित्साधिकारी कोटद्वार डॉ. बीएम गुप्ता टीम के साथ पहुंचे थे। प्रशासन ने पक्षियों के शव को सील कर जांच के लिए भोपाल मध्य प्रदेश स्थित भोपाल स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान भेजे गए थे। इन पक्षियों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई थी। इसके बाद से कोटद्वार क्षेत्र में लगातार पक्षियों की मौत हो रही है। अभी तक 43 पक्षियों की मौत हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *