बिग ब्रेकिंग

कोटद्वार में हाथी के हमले में एक महिला की मौत, एक घायल

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार।
लैंसडौन वन प्रभाग की कोटद्वार रेंज के सुखरौ कक्ष संख्या एक में हाथी ने चारा पत्ती लेने गई महिलाओं पर हमला कर दिया। घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल हो गई। घायल महिला का राजकीय बेस अस्पताल कोटद्वार में उपचार चल रहा है। अस्पताल प्रशासन ने घटना के बारे में कोतवाली पुलिस को सूचना दे दी है। पुलिस आगे की कार्यवाही कर रही है।
बेस अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को सुबह शिवपुर निवासी 65 वर्षीय कुंती देवी पत्नी चन्द्रप्रकाश, 55 वर्षीय दमयन्ती देवी पत्नी वाचस्पति भट्ट साथी महिलाओं के साथ कोटद्वार रेंज के सुखरौ कक्ष संख्या एक के जंगल में पशुओं के लिए चारा पत्ती लेने गई थी। इसी दौरान दोपहर करीब एक बजे अचानक हाथी ने महिलाओं पर हमला कर दिया। जिसमें दो महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। साथी महिला ने घर आकर घटना के बारे में घायलों के परिजनों और आसपास के लोगों को बताया। जिस पर परिजन सहित स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे। परिजन व स्थानीय लोग दोनों महिलाओं को चारपाई पर डिग्री कॉलेज रोड पर लेकर आये। जहां से कुंती देवी को कार से और दयमन्ती देवी को आपातकालीन सेवा वाहन 108 की मदद से राजकीय बेस अस्पताल कोटद्वार लाये। जहां चिकित्सकों ने कुंती देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि दयमन्ती देवी का उपचार किया जा रहा है।
लैंसडौन वन प्रभाग के डीएफओ दीपक सिंह ने बताया कि हाथी के हमले में एक महिला की मौत हुई है, जबकि एक महिला घायल हुई है। उन्होंने बताया कि मृतक महिला के परिजनों व घायल को नियमानुसार मुआवजा दिया जायेगा। डीएफओ ने लोगों से जंगल के अंदर न जाने की अपील करते हुए कहा कि वर्तमान में हाथियों के छोटे-छोटे बच्चे है। जब लोग जंगल जाते है तो हाथी समझता है कि लोग उनके बच्चों को नुकसान पहुंचा सकते है, इसलिए हाथी लोगों पर हमला कर सकता है। उन्होंने कहा कि वन विभाग द्वारा समय-समय पर लोगों को जंगल के अंदर न जाने को लेकर जागरूक किया जाता है। इसके बावजूद भी लोग जंगल के अंदर चले जाते है। डीएफओ ने बताया कि वर्तमान में फायर सीजन चल रहा है, अधिकांश स्टाफ की डयूटी आग लगने की घटनाओं पर रोक लगाने में लगाई गई है। उन्होंने जनता से जंगल के अंदर प्रवेश न करने और आग की घटनाओं पर रोक लगाने में वन विभाग का सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!