जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : मेडिकल डिवाइस लाइसेंस न मिलने व अन्य मानकों का पालन न करने को लेकर हुई कार्रवाई के विरोध में कोटद्वार के मेडिकल स्टोर दोपहर बाद बंद नजर आए। मेडिकल स्टोर संचालकों ने औषधि नियंत्रक विभाग पर उनके शोषण का आरोप लगाया है।
दो दिन पूर्व औषधि नियंत्रक विभाग की ओर से श्रीनगर में मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया गया था। जिसमें आठ मेडिकल स्टोरों में मेडिकल डिवाइस लाइसेंस न मिलने व अन्य मानकों का पालन न किए जाने पर टीम की ओर से इन मेडिकल स्टोरों में दवाइयों के क्रय-विक्रय पर रोक लगा दी गई। छापेमारी की इस कार्रवाई से आक्रोशित श्रीनगर व कोटद्वार के मेडिकल स्टोर संचालकों को आक्रोश व्याप्त है। कार्रवाई के विरोध में कोटद्वार में गुरुवार दोपहर बाद अधिकांश मेडिकल स्टोर बंद कर दिए गए। जिसके कारण मरीजों को दवा के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा। मेडिकल स्टोर संचालकों का कहना है कि अक्टूबर 2022 में मेडिकल डिवाइस लाइसेंस की अनिवार्यता की गई। जिसको अभी पूरी तरह से अमल में नहीं लाए जाने के कारण मेडिकल स्टोर संचालक अपने लाइसेंस की प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए हैं।