आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर किया कोतवाल का घेराव

Spread the love

रुद्रपुर। संगीन धारा में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नगरवासियों ने कोतवाल का घेराव किया। इस दौरान उनकी कोतवाल से नोकझोक हुई। कोतवाल ने 15 अक्तूबर तक आरोपियों को गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया है। पूर्व वार्ड सभासद सतीश गुप्ता निवासी पंजाबी मोहल्ला वार्ड 16 ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि बीती दस सितंबर शाम उनका पुत्र विकास गुप्ता घर आ रहा था। इस दौरान रेलवे क्रासिंग मंदिर के पास नंद लाल, किशन, सनी, उमेश, मोहित, बंटी एवं अन्य 10-15 लोगों ने धारदार हथियारों एवं लाठी-डंडों से उस पर जानलेवा हमला कर दिया। सतीश गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। एक महीना बीतने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर मंगलवार को भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष विवेक राय की अगुवाई में वार्डवासियों ने कोतवाल धीरेन्द्र कुमार का घेराव किया। नगरवासियों ने आरोप लगाया कि संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर रही है। जिसके कारण आरोपी पीड़ित पक्ष को धमका रहे हैं। उन्होंने कोतवाल से आरोपियों की शीध्र गिरफ्तारी की मांग की। कोतवाल धीरेन्द्र कुमार ने उन्हें आगामी 15 अक्तूबर तक आरोपियों की गिरफ्तारी करने का भरोसा दिलाया। घेराव करने वालों में सतीश गुप्ता, पुष्कर रौतेला, शोभित शर्मा, महेन्द्र पाल सिंह, राजीव सक्सेना, राकेश गुप्ता, मो़ आरिफ आदि थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *