कोविड वैक्सीनेशन के लिए टीकाकरण केंद्रों पर उमड़ रही भीड़

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार।
45 साल से ऊपर वालों का टीकाकरण शुरू होते ही अभियान ने गति पकड़ ली है। इस उम्र के लोग भी बुजुर्गों की तरह गजब का उत्साह दिखा रहे हैं। यही वजह है कि सुबह से ही टीकाकरण केंद्रों में भीड़ उमड़ रही है। टीका लगाने के लिए लोगों को काफी इंतजार करना पड़ रहा है, लेकिन इसके बावजूद भी टीकाकरण केंद्रों में भीड़ उमड़ रही है। बीते एक अप्रैल से 45 साल से ऊपर उम्र वालों का देखते ही उत्साह बन रहा है। इस वजह से दुगड्डा ब्लॉक में वैक्सीन लगाने में तेजी आई है।
दुगड्डा ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दुगड्डा, स्वास्थ्य केंद्र लालपानी, जीआईसी मोटाढांक और कोविड केयर सेंटर कौड़िया में वैक्सीनेशन चल रहा है। इसके अलावा राजकीय बेस अस्पताल कोटद्वार में भी वैक्सीन लगाई जा रही है। पहले चरण में फ्रंट लाइन वर्करों को वैक्सीन लगाई गई। इसके बाद 60 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों के साथ ही 45 वर्ष से अधिक के गंभीर बीमारी से पीड़ित लोगों को वैक्सीन लगाई गई। 1 अप्रैल से 45 साल से अधिक उम्र के सभी सामान्य लोगों को टीका लगाने का अभियान शुरू हुआ। तीसरे चरण के अभियान में टीकाकरण केंद्रों में भारी भीड़ उमड़ रही है। सुबह से ही लोग पंजीकरण कराने के लिए लाइन में खड़े नजर आ रहे है। इस दौरान लोगों में एक खास बात यह देखने को मिली कि केंद्रों में भीड़ अधिक होने के कारण लोगों को अपनी बारी के लिए काफी देर इंतजार भी करना पड़ा। लेकिन इसके बाद भी किसी ने जल्दबाजी करते हुए व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास नहीं कर रहा है। वैक्सीन लगाने में लोग एक-दूसरे का सहयोग कर रहे है। अक्सर होता यह है कि अस्पताल में भीड़ लगने की स्थिति में आपस में ही भिड़ जाते हंै। लेकिन टीकाकरण केंद्र में इस तरह की स्थिति नहीं बन रही है।
स्वास्थ्य केंद्र लालपानी में टीका लगवाने पहुंची 48 वर्षीय श्रीमती सुनीता देवी गृहणी है। उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमण से बचने के लिए टीकाकरण बहुत जरूरी है। सुरक्षित तरीके से टीका लगाया जा रहा है। टीका लगवाकर ही कोरोना महामारी को खत्म किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए सभी लोगों को टीका लगवाना चाहिए। यह पूरी तरह सुरक्षित है। विमल ध्यानी ने बताया कि मैंने कोविड का पहला डोज लगवाया है। आधा घंटा मुझे कोविड प्रोटोकाल के तहत निगरानी में रखा गया। उन्होंने कहा कि टीका लगवाने में कोई परेशानी नहीं है। कोविड संक्रमण की रोकथाम के लिए सभी को टीका अवश्य लगवाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि टीका लगवाने के बाद भी मास्क लगाना, शारीरिक दूरी व सैनिटाइजर का उपयोग जरूरी है।
राजकीय बेस अस्पताल कोटद्वार के कोविड टीकाकरण नोडल प्रभारी डॉ. हरेंद्र कुमार ने बताया कि टीकाकरण अभियान के तीसरे चरण में लोग अधिक संख्या में वैक्सीन लगाने के लिए अस्पताल पहुंच रहे है। उन्होंने बताया कि शनिवार को 200, रविवार को 180, सोमवार को 200 और मंगलवार को लगभग 180 से लोगों को वैक्सीन लगाई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *