जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में जनता इंटर कॉलेज चैड चैनपुर में सामान्य ज्ञान क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में उत्तराखंड से संबंधित विषयों के साथ-साथ देश एवं विदेश के भूगोल, इतिहास, कला-संस्कृति तथा खेल से जुड़े प्रश्न शामिल किए गए। विद्यार्थियों ने उत्साह और रुचि के साथ प्रतियोगिता में भाग लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में कृष्णा कंडारी कक्षा 12 प्रथम, सोनिका कंडारी कक्षा 10 द्वितीय, रोशनी कक्षा 11 तृतीय स्थान पर रही। इन तीनों छात्राओं का चयन ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। यह छात्राएं ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेगें। विद्यालय के प्रधानाचार्य धनपाल सिंह रावत ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने चयनित छात्राओं को ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता का संचालन शिक्षक प्रियव्रत सिंह कंडारी के निर्देशन में किया गया।