देहरादून। कूर्मांचल सांस्कृतिक और कल्याण परिषद गढ़ी कैंट शाखा महिला होलियारों ने मंगलवार को द्रोण आश्रम योगाचार्य डा. बिपिन जोशी के आवास टपकेश्वर कालोनी में कुमाऊनी बैठकी होली खेली। इस दौरान सिद्धी को दाता विघ्न विनाशन होली खेले गिरजापति नंदन…….. अम्बा के भवन में विराजे होली…… जल कैसे भरूं यमुना गहरी……. जैसी सुमधुर होलियों के गायन के साथ कुर्मांचल सांस्कृतिक और कल्याण परिषद गढ़ी कैंट शाखा के होलियारों ने खूब रंग जमाया। आचार्य डा. विपिन जोशी, गीता जोशी और भगवती जोशी ने सभी होलियारों को अबीर गुलाल लगाया और होली की टोपी पहनाकर स्वागत अभिनंदन किया। जोशी ने बताया पिछले तीन दशकों से लगातार खड़ी और बैठकी होली का आयोजन कर नई पीढी को अपनी संस्कृति, संस्कारों, रीति रिवाजों, भेष भूषा परंपराओं खान पान से जोड़ने का प्रयास रहता है। इस अवसर पर फूलों की होली भी खेली गई।
कार्यक्रम में डा मथुरा दत्त जोशी, कमला तिवारी, कन्नू पांडे, शोभा जोशी, रजनी पंत, जानकी देवड़ी, उमा पाटनी,विमला जोशी, जानकी जोशी और सुमन जोशी सहित कई लोग मौजूद रहे।