शैल शिल्पी संगठन की ओर से आयोजित किया गया कार्यक्रम
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: शैल शिल्पी विकास संगठन की ओर से पांचवां शैल शिल्पी पराक्रम दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर भारत संवैधानिक अधिकार संरक्षण मंच के संयोजक दौलत कुंवर को शैल शिल्पी कर्मवीर जयानंद भारतीय सम्मान 2022 से सम्मानित किया गया।
संगठन के सिम्मलचौड़ स्थित कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में संयोजक विकास आर्य ने कहा कि कर्मवीर जयानंद भारतीय ने 6 सितंबर 1932 को कोटद्वार से पौड़ी जाकर तत्कालीन अंग्रेज गवर्नर मैलकम हेली के पौड़ी स्वागत दरबार को खंडित किया और तिरंगा झंडा लहराकर पूरे गढ़वाल मंडल का नाम रोशन किया था। इस ऐतिहासिक घटना की स्मृति में संगठन की ओर से पराक्रम दिवस मनाया जाता है। मुख्य अतिथि दौलत कुंवर ने कहा कि हमें जयानंद भारतीय के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने की आवश्यकता है। साथ ही सरकार को भी चाहिए कि जयानंद भारतीय के पराक्रम को ध्यान में रखते हुए उनके नाम पर सरकारी योजनाएं चलाए। इस अवसर पर सुरेंद्र लाल आर्य, शूरवीर खेतवाल, सतीश प्रकाश, विनोद कुमार, मनमोहन असवाल, हरीश चंद्र, चंद्रमोहन राणा और प्रभुदयाल सहित संगठन से जुड़े सभी सदस्य मौजूद रहे।