कोटद्वार में बिना किसी आधार के केंद्र को भेज दी केवि की फाइल

Spread the love

-पूर्व सैनिक सेवा परिषद ने जताया आक्रोश, बोले, विवादों में रहे हैं स्थानीय जनप्रतिनिधि
-मेडिकल कॉलेज के लिए चयनित भूमि पर भी उठाए सवाल, कहा जल्द करेंगे खुलासा
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पूर्व सैनिक सेवा परिषद ने कोटद्वार में केंद्रीय विद्यालय के लिए चयनित भूमि का विवाद समाप्त किए बिना फाइल शिक्षा मंत्रालय को भेजने पर आक्रोश जताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज के लिए चयनित भूमि पर भी खनन माफिया ने खुदाई कर दी है। कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधि हमेशा ही विवादों में रहे हैं।
सोमवार को बदरीनाथ मार्ग स्थित एक होटल में आयोजित बैठक में परिषद के सदस्यों ने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधि ने आधे अधूरे मन से केंद्रीय विद्यालय के लिए भूमि चयनित की। यदि ऐसा नहीं होता तो वह भूमि का विवाद समाप्त करवाते। उन्होंने सभी पूर्व सैनिकों से अपील की कि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर क्षेत्र के विकास के लिए सही उम्मीदवार को मतदान करें। इस दौरान उन्होंने रामकुमार अग्रवाल के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए आत्मशांति के लिए प्रार्थना भी की। वहीं स्व. मोहन लाल बौंठियाल को श्रद्धांजलि अर्पित की। बैठक में केसी डोबरियाल, अनूप बिष्ट, सुभाष कुकरेती, बलवान सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *