ऋषिकेश। दीपावली से पहले तीर्थनगरी के बाजार बारूद के ढेर पर नजर आने लगे हैं। पटाखों की बिक्री के लिए अभी प्रशासन की ओर से केवल आवेदन करने वाले 100 से अधिक विक्रेताओं की सूची जारी की गई है, जबकि अस्थायी लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया भी पूरी नहीं हुई है। इसके बावजूद बाजारों में पटाखों की दुकानें सजने लगी हैं। ऐसे में घनी आबादी और भीड़भाड़ वाले इलाकों में संभावित हादसों को लेकर प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। दरअसल, दीपावली को लेकर आयोजित बैठक में प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि पटाखों की दुकानें भीड़भाड़ वाले बाजारों में नहीं लगेंगी। अस्थायी लाइसेंस केवल प्रशासन की ओर से निर्धारित स्थानों पर ही जारी किए जाएंगे। इसके बावजूद क्षेत्र मार्ग, लाजपतराय मार्ग, तिलक रोड, घाट रोड और मुखर्जी मार्ग पर दुकानें सजने की तैयारी है।
नियमों की अनदेखी से हादसे का खतरा
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हर साल लाइसेंस भरत मंदिर मैदान के लिए जारी किए जाते हैं, लेकिन पटाखों की बिक्री बाजारों के बीचोंबीच होती है। संकरी गलियों और घनी आबादी के बीच पटाखों का भंडारण व बिक्री आगजनी और विस्फोट जैसी घटनाओं का कारण बन सकती है। हादसा होने पर दमकल वाहनों को भी मौके तक पहुंचने में मुश्किल होगी।