नकली दवाओं पर नामी कंपनियों के लेबल, दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पकड़ी अवैध फैक्ट्री; पूरे उत्तर भारत में होती थी सप्लाई

Spread the love

नई दिल्ली , दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नकली दवाओं के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध फैक्ट्री का खुलासा किया है। यह फैक्ट्री गाजियाबाद के लोनी इलाके में संचालित हो रही थी, जहां स्किन से जुड़ी बीमारियों की नकली दवाएं बड़े पैमाने पर बनाई जा रही थीं। इन दवाओं की आपूर्ति पूरे उत्तर भारत में की जा रही थी, जिससे लोगों की सेहत के साथ गंभीर जोखिम पैदा हो रहा था।
क्राइम ब्रांच को काफी समय से दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में नकली दवाओं के सक्रिय नेटवर्क की सूचना मिल रही थी। इसी इनपुट के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और लोनी में चल रही फैक्ट्री तक पहुंच बनाई। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां छापेमारी कर फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने स्किन रोगों की बड़ी संख्या में नकली दवाएं, भारी मात्रा में कच्चा माल, दवाएं बनाने की मशीनें, लेबल और नामी कंपनियों जैसी दिखने वाली पैकेजिंग बरामद की। जांच में सामने आया कि फैक्ट्री में तैयार की गई नकली दवाएं दिल्ली के सदर बाजार सहित कई बड़े दवा बाजारों में सप्लाई की जा रही थीं। इसी कड़ी में क्राइम ब्रांच की टीम ने सदर बाजार में भी कार्रवाई करते हुए नकली दवाओं की एक खेप जब्त की। पुलिस के अनुसार यह नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय था और इससे जुड़े कई लोग मोटा मुनाफा कमा रहे थे।
इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक फैक्ट्री का मालिक बताया जा रहा है, जबकि दूसरा आरोपी दवाओं की सप्लाई और वितरण में शामिल था। दोनों से पूछताछ की जा रही है ताकि इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *