रुडकी। रुड़की सिविल अस्पताल स्थित ब्लड बैंक को भी अब खून की जरूरत है। कोरोना संक्रमण के बाद से ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर तो लगने बंद हो गए हैं। संक्रमण के डर से रक्तदान करने वाले भी अस्पताल आने से डर रहे हैं। शनिवार को मात्र 36 यूनिट ब्लड ही ब्लड बैंक में उपलब्ध था।
कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए सिविल अस्पताल को कोविड अस्पताल में तब्दील कर दिया गया। लेकिन इसका सीधा प्रभाव सिविल अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में देखने को मिल रहा है। सिविल अस्पताल के कोविड अस्पताल में तब्दील होने से ब्लड बैंक में लगने वाले सामाजिक संगठनों के रक्तदान शिविर में भी विराम लग गया है। जिसके चलते सिविल अस्पताल के ब्लड बैंक में खून की कमी हो गयी है। शुक्रवार को ब्लड बैंक के बाहर लगे नोटिस बोर्ड के अनुसार मात्र 36 यूनिट खून ही शेष था। ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. रजत सैनी ने बताया कि सामाजिक संस्थाओं एवं अन्य लोगों से सम्पर्क किया जा रहा है। जल्द ही ब्लड बैंक में खून की कमी को दूर किया जाएगा।
ओ नेगेटिव ग्रुप का खून खत्म: वैसे तो सभी ब्लड ग्रुप का खून की ब्लड बैंक में कमी है, लेकिन ओ नेगेटिव ग्रुप का खून शुक्रवार को सिविल अस्पताल में उपलब्ध नहीं था। जबकि ए नेगेटिव ग्रुप की भी एक ही यूनिट उपलब्ध थी।