वाहनों की आवाजाही के लिए खोला जाएं लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : मालिनी किसान पंचायत कोटद्वार भाबर ने वन विभाग से लालढांग-चिल्लरखाल और कलालघाटी-मवाकोट मार्ग की मरम्मत कर उसे वैकल्पिक मार्ग के रूप में खोलने की मांग की। कहा कि मार्ग खुलने से लोगों को आवाजाही में काफी सुविधा मिलेगी। वहीं, किसान पंचायत ने जल्द मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की भी चेतावनी दी है।
शनिवार को संगठन के अध्यक्ष जेपी बहुखंडी के नेतृत्व में लोग लैंसडौन वन प्रभाग के डीएफओ कार्यालय पहुंंचे और उन्होंने डीएफओ नवीन पंत को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर लोगों ने कहा कि लालढांग-चिलरखाल मार्ग कोटद्वार-भाबर क्षेत्र की लाइफ लाइन है। इस मार्ग को विगत वर्षों में बरसात समाप्त होेने के बाद मरम्मत कर एक अक्तूबर को वाहनों के संचालन के लिए खोल दिया जाता है। इस मार्ग पर प्राइवेट वाहनों के साथ जीएमओयू की बसों का संचालन भी होता है। जिससे क्षेत्र के लोगों को हरिद्वार पहुंचने में आसानी रहती है। उन्होंने मांग पर सकारात्मक कार्रवाई करने की मांग की है। इस अवसर पर संगठन के महासचिव मधूसूदन सिंह नेगी, पुरुषोतम डबराल, भगवती प्रसाद डबराल, चंद्रपाल कंडारी, नरेंद्र सिंह नेगी, अनिल जोशी, दिनेश नेगी, मंगत कुकरेती आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *