जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पिछले कई दिनों से लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग निर्माण के लिए धरने पर डटे लोगों ने अब देहरादून में मुख्यमंत्री आवास घेराव का निर्णय लिया है। कहा कि लगातार शिकायत के बाद भी सरकार मार्ग की अनदेखी कर रही है।
लालढांग-चिलरखाल मोटर मार्ग निर्माण के लिए धरना शुक्रवार को भी जारी रहा। वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्रीय जनता पिछले कई दशकों से लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग निर्माण की मांग उठा रही है। लेकिन, अब तक मार्ग निर्माण के लिए कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया। बताया कि मार्ग निर्माण के लिए पिछले दो माह से लोग लगातार आंदोलन कर रहे हैं। यही नहीं चैक पोस्ट पर धरना भी दिया जा रहा है। बावजूद शासन-प्रशासन सुध लेने को तैयार नहीं है। ऐसे में लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। बताया कि अब कोटद्वार के इस संघर्ष को देहरादून तक पहुंचाया जाएगा। कहा कि जब तक मार्ग निर्माण नहीं होगा उनका आंदोलन जारी रहेगा। इससे पूर्व, आंदोलनकारी कोटद्वार कोतवाली में पहुंचे और आंदोलनकारियों को लेकर सोशल मीडिया में की जा रही अनर्गल बयानबाजी पर नाराजगी जताई। इस मौके पर प्रवीन थापा, संजय सिंह रावत, मदन सिंह, नारायण सिंह, हेमा नेगी, रवींद्र सौंद, प्रकाश रावत, माला अधिकारी, पुष्पा देवी, जयंती देवी आदि मौजूद रहे।