लालू के विधायक बेटे तेजप्रताप ने खुलासे की बात कर किया ट्वीट, 22 शब्दों के बयान से चौंकाया

Spread the love

पटना, एजेंसी। लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने शनिवार एक बार फिर अपने बयान से सियासी गलियारे में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) विधायक तेजप्रताप यादव ने 22 शब्दों का ट्वीट कर सबको चौंका दिया। समस्तीपुर के हसनपुर के आरजेडी विधायक ने खुलासा करने की बात कही। साथ ही उन्हें नासमझ समझने वालों को भी चेताया। हालांकि तेजप्रताप ने यह साफ नहीं किया कि वह किससे नाराज हैं। हाल के दिनों में लालू-राबड़ी के बेटे तेजप्रताप राजद में अपनी उपेक्षा को लेकर सार्वजनिकतौर पर नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। कई बार वे बिहार आरजेडी अध्यक्ष जगदानंद सिंह पर अपमान करने का आरोप लगा चुके हैं। तेजप्रताप तानाशाह बताते हुए जगदानंद को पार्टी से निकालने की भी अपील कर चुके हैं। अपने ट्वीट में तेजप्रताप ने लिखा कि वक्त आ चुका है़.़कएक बड़े खुलासे का। जल्द उन सभी चेहरों से नकाब उतारूंगा, जिन्होंने मुझे नासमझ समझने की भूल की।
गौरतलब है कि तेजप्रताप अपने कारनामों को लेकर आए दिन सुर्खियों में बने रहते हैं। जगदानंद सिंह पर वे कई बार अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। उन्हें तानाशाह से लेकर पार्टी तोड़ने वाला नेता तक बता चुके हैं। पिछले साल अक्टूबर में तेजप्रताप ने जगदानंद पर आरोप लगाया था कि वह बार-बार पार्टी तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं।
तेजप्रताप ने कहा था कि विधानसभा उप चुनाव में उन्हें प्रचार करने के लिए जाने से भी जगदानंद रोकते हैं। लालू के बड़े बेटे तेजप्रताप जगदानंद सिंह को पार्टी और पद से हटाने के लिए कई बार कोशिशें भी कर चुके हैं। लालू के पटना लौटने पर वह यहां तक कह चुके हैं कि जब तक जगदानंद सिंह को पार्टी से निकाला नहीं जाएगा, तब तक वे राजद से कोई मतलब नहीं रखेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *