उत्तरकाशी। प्रतापनगर और भिलंगना ब्लॉक क्षेत्र के लोगों को लंबगांव-कोटालगांव-चमियाला सड़क चौड़ीकरण होने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। स्थानीय लोग लंबे समय से सड़क को डेढ़ लेन बनाने की मांग करते आ रहे हैं लेकिन शासन स्तर पर इस मामले में कोई ठोस पहल शुरू नहीं हो सकी है। लंबगांव-कोटालगांव-चमियाला सड़क प्रतापनगर और भिलंगना ब्लॉक के बड़े क्षेत्र को जोड़ने के साथ ही चारधाम यात्रा के दौरान भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम से केदारनाथ जाने वाले श्रद्धालु इसी मार्ग से गुजरते हैं लेकिन सड़क संकरी होने के कारण यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लंबगांव से चमियाला तक लगभग 40 किमी लंबे मार्ग पर केमुंडाखाल, कोटालगांव और आबकी खिट्टा के समीप सड़क की हालत बेहद खराब है। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण यात्रियों को आए दिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। चारधाम यात्रा शुरू होने में अब महज एक सप्ताह का समय बचा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क का चौड़ीकरण हो जाता, तो क्षेत्र के लोगों के साथ-साथ चारधाम यात्रियों को भी सुगम सफर की सुविधा मिलेगी।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य गोविंद सिंह रावत का कहना है कि सरकार को सड़क के चौड़ीकरण को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने बताया कि कई बार इस संबंध में शासन-प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जा चुका है लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। लोनिवि प्रांतीय खंड बौराड़ी के ईई योगेश कुमार ने बताया कि लंबगांव-कोटालगांव-चमियाला सड़क चौड़ीकरण के लिए शासन को प्रथम चरण का प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। बजट की स्वीकृति नहीं मिल पाई है। सड़क मार्ग पर जिन-जिन स्थानों पर गड्ढे बने हुए थे उनका मरम्मत कार्य कराया गया है।