नर्सिंग कॉलेज की स्थापना के लिए भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : मेडिकल कॉलेज के प्रस्तावित नर्सिंग कॉलेज की स्थापना के लिए भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नगर निगम क्षेत्र श्रीनगर के अंतर्गत आने वाले गहड़ गांव में नर्सिंग कॉलेज को खोला जाना प्रस्तावित है। इसके लिए लंबे समय से प्रयास किए जा रहे हैं।
पूर्व में गहड़ गांव में नर्सिंग कॉलेज और भरसार विश्वविद्यालय के अंतर्गत पशु चिकित्सा महाविद्यालय खोले जाने की योजना थी लेकिन यह योजना धरातल पर नहीं उतर पाई। वर्ष 2012 से क्षेत्र के लोग यहां नर्सिंग कॉलेज खोले जाने की बाट जोह रहे हैं। अब यहां पर मेडिकल कॉलेज श्रीनगर का नर्सिंग खोले जाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रस्तावित नर्सिंग कॉलेज में बीएससी नर्सिंग एवं एमएससी नर्सिंग पाठ्यक्रमों का संचालन किया जाना है। स्थानीय राजेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि नर्सिंग कॉलेज व पशु चिकित्सा महाविद्यालय के लिए करीब 2200 नाली (नापखेत सहित सरकारी) जमीन चिह्नित की गई है। इसमें से भरसार कृषि विवि के नाम दर्ज भूमि को अब नर्सिंग कॉलेज के नाम हस्तांतरित करने की प्रक्रिया चल रही है। करीब 110 नाली जमीन स्थानीय लोगों ने दान की है। उन्होंने बताया कि शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की ओर से इस मामले में विशेष पहल की जा रही है। डॉ. आशुतोष सयाना, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज श्रीनगर गढ़वाल ने कहा कि गहड़ गांव में मेडिकल कॉलेज का नर्सिंग कॉलेज खुलना प्रस्तावित है। इसके लिए जमीन भी चिह्नित की गई है। कृषि विवि भरसार के नाम पूर्व में दर्ज इस जमीन को मेडिकल कॉलेज को हस्तांतरित किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। नर्सिंग कॉलेज की स्थापना से क्षेत्र में स्वास्थ्य शिक्षा को बढ़ावा मिलने के साथ ही विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध होंगे। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *