नैनीताल। अमगढ़ी गांव में लगातार हो रहे भूस्खलन को देखते हुए प्रशासन ग्रामीणों के विस्थापन की कार्रवाई शुरू कर दी है। तय किया गया है कि अमगढ़ी के भूस्खलन प्रभावित परिवारों को रामनगर के निकट भलोन क्षेत्र में पट्टे दिए जाएंगे। सोमवार को एहतियात के तौर पर प्रशासन ने भूस्खलन प्रभावित गांव के सभी तीस परिवारों के घर पूरी तरह से खाली करवा दिए हैं। लोगों के घरों से उनका सारा सामान पास के राइंका और प्राथमिक विद्यालय में रखवा दिया है। नैनीताल तहसील के अमगढ़ी गांव का तोक खैराड़ में रविवार शाम भूस्खलन होने से तीन लोगों के मकान मलबे में दब गए। इसके अलावा ग्रामीणों की फसल को भी भारी नुकसान हुआ। हादसे में एक महिला घायल हो गई। सोमवार को प्रशासन की टीम गांव पहुंची। एहतियात के तौर पर पहले से ही गांव के इंटर कॉलेज में रह रहे सभी परिवारों से उनके घर पूरी तरह से खाली करवा दिए गए हैं। इसके बाद सभी को इंटर कॉलेज के साथ ही स्थानीय प्राथमिक विद्यालय में शिफ्ट करवा दिया गया है। संयुक्त मजिस्ट्रेट प्रतीक जैन ने बताया कि एहतियात के तौर पर प्रभावित परिवारों के घर पूरी तरह से खाली करवा दिए गए हैं। लोगों के खाने-पीने की व्यवस्था की जा रही थी और अब प्रशासन ने भूस्खलन की जद में आए परिवारों को किसी दूसरे स्थान पर नए पट्टे देने का प्रस्ताव बनाया है। फिलहाल प्रभावितों को रामनगर के भलोन क्षेत्र में जल्द पट्टे आवंटित किए जाएंगे। जिससे कि लोगों के जीवन को सुरक्षित किया जा सके।