लैंसडौन-फतेहपुर मोटर मार्ग पर धंसाव, घंटों बंद रहा यातायात
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार-दुगड्डा राष्ट्रीय राजमार्ग के बाद अब लैंसडौन-फतेहपुर मोटर मार्ग ने भी धोखा देना शुरू कर दिया है। गुरुवार सुबह ग्राम जदला के समीप सड़क धंसाव होने के कारण मार्ग पर घंटों यातायात बंद रहा। विभाग ने मार्ग पर मिट्टी भरने के बाद यातायात शुरू करवाया। हालांकि अभी भारी वाहनों की आवाजाही बंद रखी गई है। ऐसे में सबसे अधिक परेशानी लैंसडौन घूमने पहुंचे पर्यटकों को हुई।
गत वर्षाकाल में भी उक्त मार्ग पर परेशानी हुई थी। हालांकि इसके बाद विभाग ने इसे वाहनों की आवाजाही के लायक कर दिया था। लेकिन, गुरुवार सुबह अचानक मार्ग पर धंसाव होने लगा। सुरक्षा दृष्टि को देखते हुए मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई। लोग वाहनों से फतेहपुर-गुमखाल-जयहरीखाल होते हुए लैंसडौन पहुंचे। जिससे उन्हें काफी लंबा सफर करना पड़ा। सूचना के बाद मौके पर पहुंची लोक निर्माण विभाग की टीम ने मार्ग पर मिट्टी डालने का कार्य प्रारंभ किया। करीब छह: घंटे बाद मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए खोला गया। लेकिन, मार्ग पर अब भी भारी वाहनों की आवाजाही बंद की गई है। भारी वाहनों के भार से मार्ग के ढहने का भी खतरा बना हुआ है। ऐसे में वर्षाकाल में मार्ग बदहाल होने से इसका असर क्षेत्र के पर्यटन पर भी पड़ेगा।