जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : मकर संक्रांति के दौरान डाडामंडी में गेंद मेले में गिंदी जीतने वाली लंगूर की टीम को आयोजन समिति की ओर से सम्मानित किया गया। इस दौरान अगले वर्ष गेंद मेले को और अधिक भव्य तरीके से मनाने का निर्णय लिया गया।
राजकीय गेंद मेला सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा समिति की ओर से डाडामंडी में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश तिवारी सहित अन्य सदस्यों ने लंगूरी की टीम को ट्राफी भेंट की। वक्ताओं ने कहा कि दशकों से डाडामंडी में प्रतिवर्ष गेंद मेले का आयोजन किया जाता है। जिसमें बड़ी सख्या में देश-विदेश से प्रवासी पहुंचते हैं। गेंद मेले में लंगूरी व भटपुडी की टीम ने अपने पाले में गेंद लाने के लिए कड़ी मशक्कत की। अंत में लंगूरी की टीम ने विजय हासिल कर ट्राफी अपने नाम की। बताया कि गेंद मेला हमारी संस्कृति व सभ्यता का प्रतीक है। इसे बेहतर रूप देने के लिए समिति लगातार प्रयास कर रही है। इस मौके पर सचिव किशन लाल, कोषाध्यक्ष महेंद्र सिंह रावत, महेश चौहान, चंद्रमोहन चौधरी, चंद्रपाल सिंह, सतीश काला, रोशनी देवी आदि मौजूद रहे।