जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : जंगलों की सुरक्षा व आमजन को जागरूक करने के लिए कालागढ़ टाइगर रिजर्व प्रभाग लैंसडौन व बिजनौर वन प्रभाग की ओर से जंगल से सटे इलाकों में गश्त की गई। इस दौरान लोगों को पर्यावरण संरक्षण व वनों को आग से बचाने के लिए जागरूक किया गया। कहा कि वनों की सुरक्षा हम सभी की मुख्य जिम्मेदारी है। कहीं भी आग लगने पर उसकी सूचना तुरंत वन कर्मियों को दें।
दोनों राज्यों की वन विभाग की टीम ने पाखरौ रोंज से सटे उत्तर प्रदेश गूजरडेरों, बढ़ापुर, हरेवली, मदपुरी, भोगपुर, मोरघट्टी वन क्षेत्र में गश्त की। गश्त आवश्यक उपकरण मैटल डिटेक्टर, अग्नेयशस्त्र, वायनाकूलर, लाउडस्पीकर के साथ ही गई। बढ़ापुर में नगर पालिका गेट, बस अड्डा, मदपुरी व भोगपुर क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया। साथ ही लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को जंगल की सुरक्षा का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि गश्त का मुख्य उद्देश्य दोनों राज्यों के वन विभाग में सहभागिता बनाना है। इस मौके पर उप वन संरक्षक कालागढ़ टाइगर रिजर्व प्रभाग तरुण, अभिनव राज, जय सिंह कुशवाह, आशुतोष गुप्ता, अनामिका, शिप्रा वर्मा, अंशुमन मित्तल आदि मौजूद रहे।