लापता चालक का शव नहर में कार के अंदर मिला

Spread the love

हरिद्वार। देहरादून से कार समेत लापता चालक का शव सोमवार को श्यामपुर थाना क्षेत्र के लाहडपुल के पास नहर में कार के अंदर मिला। श्यामपुर पुलिस ने देहरादून पुलिस को इस बाबत जानकारी दे दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। बताया जा रहा है कि चालक बरेली से सवारियों को छोड़कर देहरादून आ रहा था। पुलिस के मुताबिक फ्रेंड्स एनक्लेव नेहरू कॉलोनी निवासी शिवजी (53) पुत्र काशीनाथ पेशे से चालक थे। बीते 8 अगस्त को कार चालक बुकिंग पर बरेली गए थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों ने नेहरू कॉलोनी में चालक की गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस चालक की तलाश में बरेली पहुंची और मालूम हुआ कि चालक यहां से 8 अगस्त की रात को ही देहरादून के लिए चल दिया था। बरेली टोल प्लाजा, मुरादाबाद टोल प्लाजा के सीसीटीवी चेक किये गए तो चालक वहां से हरिद्वार की ओर आता दिख रहा था। कैमरों में कार नजीबाबाद की ओर आती हुई दिखी। श्यामपुर में सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो कार श्यामपुर की तरफ नहीं आई थी। सोमवार सुबह एक कार का कुछ हिस्सा लाहडपुल के पास नहर के पास दिखाई दिया। पानी को रोका तो देहरादून नंबर की कार नहर में उल्टी पड़ी थी। एक व्यक्ति का शव ड्राइवर सीट पर सीट बेल्ट लगा हुआ मिला। छानबीन की तो व्यक्ति की पहचान फ्रेंड्स एनक्लेव नेहरू कॉलोनी निवासी शिवजी पुत्र काशीनाथ के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और हरिद्वार जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। श्यामपुर पुलिस ने नेहरू कॉलोनी पुलिस को घटना की जानकारी दे दी है। एसओ दीपक कठैत ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। प्रथमदृष्टया दुर्घटना की बात सामने आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *