अगस्त्यमुनि में वृहद स्वरोजगार मेला का हुआ आयोजन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : अगस्त्यमुनि में बुधवार को एक वृहद स्वरोजगार मेला आयोजित किया गया। जिसमें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई गई। मेले में प्रतिभाग करने वाले युवाओं ने कहा कि इस तरह के आयोजन काफी लाभकारी होते हैं। कहा कि यह मेला स्थानीय युवाओं तथा विशेषकर महिलाओं को स्वरोजगार और सरकारी योजनाओं से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण प्रयास रहा।
मेले का आयोजन जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में हुआ। उद्देश्य था विभिन्न विभागों की योजनाओं को मेला, प्रदर्शनी और शिविर के माध्यम से आम जनता तक पहुंचाना। कार्यक्रम में अलग-अलग विभागों ने अपने विभाग से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर केदारनाथ की विधायक श्रीमती आशा नौटियाल ने कहा कि सरकार आम जनता, युवा, खासकर महिलाओं के कल्याण के लिए कई योजनाएं चला रही है। अगस्त्यमुनि क्षेत्र में करीब 3500 महिलाएं स्वयं सहायता समूहों के जरिए आर्थिक रूप से सशक्त हुई हैं। ये महिलाएं “लखपति दीदी योजना” के तहत अपनी आय बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। पशुपालन और अन्य स्वरोजगार के माध्यम से स्थानीय महिलाओं ने अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत की है। खंड विकास अधिकारी अगस्त्यमुनि सुरेश शाह ने बताया कि मेले में सभी विभागों द्वारा प्रतिभाग कर स्टॉल लगाए गए थे, जिनके माध्यम से स्थानीय लोगों को योजनाओं की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए, स्टॉल में 35 लोगों का परीक्षण कराया गया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन होने से गरीबी उन्मूलन के साथ ही स्वरोजगार के अवसरों में भी व्यापक रूप से लाभ मिलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *