रुद्रप्रयाग : जखोली ब्लॉक के लस्या गांव में सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक चेतना, वोकल फॉर लोकल और स्वस्थ रहेंगे तो सफल बनेंगे थीम पर 27 मार्च से 30 मार्च तक लस्या कौथीग का आयोजन किया जाएगा। बीते वर्ष रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी के संरक्षण में राजकीय इंटर कॉलेज बुढना में पहली बार इस मेले का आयोजन किया गया था। मेले को मिले जन समर्थन को देखते हुए इस वर्ष चार दिवसीय लस्या कौथिग के रूप में विस्तारित किया जा रहा है। रुद्रप्रयाग विधायक के जन संपर्क अधिकारी व लस्या कौथिग के संयोजक भूपेंद्र भंडारी ने सोमवार को बताया कि लस्या कौथिग में हिमालय की अधिष्ठात्री देवी नंदा देवी भव्य झांकी के साथ ही उत्तराखंड के कुमाऊं अंचल का प्रसिद्ध छोलिया नृत्य, उत्तराखंड के बच्चों का पारंपरिक त्योहार फूलदेई की झांकी तथा पारम्परिक वेशभूषा में मातृ शक्ति की भागीदारी रहेगी। उन्होंने बताया कि मेले में नंदा की कथा नाटिका, खैट पर्वत की परियों के मिथ से जुड़ी जीतू बगड़वाल की अधूरी प्रेम कहानी का भावपूर्ण मंचन, महाभारत के युद्ध पर आधारित, रोमांच और करुणा से भरी केदारघाटी की पंड्वाणी शैली में लोक नाट्य चक्रव्यूह की प्रस्तुति आदि का मंचन किया जाएगा। (एजेंसी)