जिलाधिकारी प्रतीक जैन के प्रयासों से संवर रहा बधाणीताल, पर्यटन विकास को मिलेगी नई गति
जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : राज्य सेक्टर (वर्ष 2025-26) के अंतर्गत पर्यटन विकास हेतु अवस्थापना निर्माण योजना के तहत जनपद रुद्रप्रयाग के विकासखंड जखोली स्थित बधाणीताल के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों (स्वीकृत लागत 336.52 लाख) का शिलान्यास विधायक रुद्रप्रयाग भरत चौधरी, जिलाधिकारी प्रतीक जैन एवं जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत द्वारा किया गया।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विधि विधान से पूजा-अर्चना कर विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया। प्रस्तावित कार्यों के अंतर्गत ग्लास हाउस, कैफेट एरिया, रेलिंग एवं फुटपाथ, बहुउद्देशीय मंच, ताल का सौंदर्यीकरण किया जाना है, जिससे बधाणीताल को एक आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सकेगा। इन कार्यों की कार्यदायी संस्था ग्रामीण निर्माण विभाग, रुद्रप्रयाग है। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी प्रतीक जैन सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय जनमानस द्वारा स्थानीय मातृशक्ति के साथ बढ़ाणीताल की परिक्रमा भी की गई। इस अवसर पर धार्मिक आस्था, लोक परंपराओं एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने कहा कि बधाणीताल प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण क्षेत्र है और यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन का निरंतर प्रयास है कि जनपद के दूरस्थ एवं प्राकृतिक स्थलों को पर्यटन मानचित्र पर सुदृढ़ पहचान दिलाई जाए, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले। उन्होंने कहा कि बधाणीताल क्षेत्र का आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व भी अत्यंत प्राचीन और विशिष्ट है। कहा कि पर्यटन विकास के साथ-साथ क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को संरक्षित रखना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। जिलाधिकारी ने कहा कि बधाणीताल को केंद्र में रख कर इस संपूर्ण बांगर क्षेत्र को पर्यटन के मानचित्र पर लाना हमारा लक्ष्य है जिस हेतु इस क्षेत्र में नए ट्रैकिंग मार्गों को विकसित करने का लक्ष्य है, यहां पर होम स्टे आदि से लोगों की आजीविका संवर्धन किया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, उप जिलाधिकारी जखोली अनिल सिंह रावत, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रुद्रप्रयाग महावीर पंवार, जिला पंचायत सदस्य गयाड़ू लाल, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग मीनल गुलाटी, जिला पर्यटन विकास अधिकारी राहुल चौबे सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।