लीक हो रही लाइनें, गर्मी में बढ़ेगी पेयजल समस्या

Spread the love

जगह-जगह लीकेज पेयजल लाइनों से सड़क पर बह रहा पानी
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गढ़वाल के प्रवेश द्वार कोटद्वार में पेयजल लाइन लीकेज की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। लीकेज पेयजल लाइनों से प्रतिदिन कई लीटर पानी सड़क पर बहकर बर्बाद हो रहा है। अधिकांश वार्डों में अभी से लो-प्रेशर की समस्या देखने को मिल रही है। लीकेज पेयजल लाइन को बदल कर नई पेयजल लाइन बिछाने के लिए शहरवासी कई बार अधिकारी व जनप्रतिनिधियों से गुहार लगा चुके हैं। लेकिन, अब तक समस्या जस की तस बनी हुई है। ऐसे में गर्मी के मौसम में शहरवासियों के कंठ सूखना तय है।
शहर में शायद ही कोई ऐसा वार्ड हो जहां सड़क पर लीकेज होती पेयजल लाइन न दिखाई पड़े। कई स्थानों पर पेयजल लाइन लीकेज के कारण सड़क पर गड्ढे बन चुके हैं। सुबह से लीकेज लाइन से पानी बहता रहता है। सबसे बुरी स्थिति देवी रोड, कौड़िया से सिद्धबली तक राष्ट्रीय राजमार्ग, कुंभीचौड़, मानपुर, लकड़ी पड़ाव सहित भाबर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में बनी हुई है। पेयजल लाइन लीकेज का दंश शहरवासियों को गर्मी के मौसम में भुगतना पड़ सकता है। एक ओर वहां कई वार्डों में पेयजल किल्लत हो सकती है तो कई घरों में लो-प्रेशर की भी समस्या होगी। आमजन को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ सकता है।

गंदे नालों से गुजर रही पेयजल लाइनें
अनूप बिहार, लकड़ी पड़ाव, आमपड़ाव सहित कई अन्य स्थानों पर पेयजल लाइन गंदे नाले के बीच से गुजर रही है। ऐसे में लीकेज पेयजल लाइन से घरों में गंदे पानी की आपूर्ति होती है। जिससे शहरवासियों को संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बन सकता है। गंदे नाले से गुजर रही पेयजल लाइन को बदलने के लिए शहरवासियों ने कई बार जल संस्थान को भी पत्र दिया। लेकिन, अब तक इस ओर ध्यान नहीं दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *