चमोली : वीर परिवार सहायता योजना के तहत रिमखिम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चमोली की ओर से 17800 फीट की ऊंचाई पर आईटीबीपी जवानों के साथ विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ज्यादातर सैनिकों द्वारा पारिवारिक एवं वैवाहिक विवादों से संबंधित विधिक सहायता चाही गई। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उनको विधिक परामर्श दिया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पुनीत कुमार एवं डिप्टी कानूनी सहायता प्रतिरक्षा अधिवक्ता मोहन पंत ने आईटीबीपी के जवानों को नि:शुल्क कानूनी सहायता, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, तहसील विधिक सेवा समितियों की जानकारी दी। साथ ही वैवाहिक वादों, साइबर अपराध तथा उनके विधिक अधिकारों के संबंध में बताया गया। शिविर में ज्यादातर सैनिकों की समस्याएं सामने आयी कि हम बोर्डर पर तैनात होते हैं तथा उनके परिवारों में प्रशासनिक कार्यों से संबंधित कई विधिक समस्याएं आती है जिस सम्बन्ध में सैनिकों को अवगत कराया गया कि वे जिले में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, को ई-मेल, टोल फ्री नंबर 15100 एवं अपने परिवार जनों के माध्यम से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, के फ्रंट कार्यालय में उपस्थित होकर शिकायत प्रेषित कर सकते हैं। शिविर में सैनिकों द्वारा जमीन खरीद फरोख सम्बन्धी समस्याओं के सम्बन्ध में भी विधिक परामर्श चाहा गया। जवानों को यह भी जानकारी प्रदान की गई कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, में एक फ्रंट कार्यालय स्थापित है जहां पर एक रिटेनर अधिकवक्ता नियुक्त किया गया है उनसे भी विधिक परामर्श प्राप्त कर सकते हैं। इस अवसर पर ओम प्रकाश डोभाल, नरेश नेगी एवं आईटीबीपी के अधिकारी व जवान आदि मौजूद रहे। (एजेेंसी)