बिड़ला परिसर में विधिक सेवा एवं सहायता केंद्र का हुआ उद्घाटन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
श्रीनगर गढ़वाल : हेमवती नन्दन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के बिड़ला परिसर में विधिक सेवा एवं सहायता केंद्र का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। इस मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी की जूनियर डिवीजन सिविल जज अल्का ने विधिवत विधिक सेवा एवं सहायता केंद्र का उद्घाटन किया।
इस मौके पर गढ़वाल विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओपी गुसांई ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान में स्थापित यह केन्द्र छात्र-छात्राओं के लिए एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। कहा कि केन्द्र समय-समय पर विधिक जागरूकता से सम्बिन्धित कार्यक्रमों का संचालन करता रहेगा। सिविल जज अलका ने साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौतियों, साइबर कानून, डिजिटल सुरक्षा के बारे में बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड एवं सोशल मीडिया के दुरुपयोग से सतर्क रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में मुख्य नियंता प्रो. दीपक कुमार ने विद्यार्थियों से डिजिटल प्लेटफॉर्म का जिम्मेदारी पूर्वक उपयोग करने, किसी भी समस्या की स्थिति में साइबर सेल से संपर्क करने की अपील की। इस अवसर पर अधिवक्ता प्रमेश चंद्र जोशी ने साइबर सेल के माध्यम से विद्यार्थियों को मिलने वाली नि:शुल्क विधिक सहायता, परामर्श एवं शिकायत निवारण की प्रक्रिया की जानकारी दी। इस मौके पर नोडल अधिकारी डॉ. अनु राही, डॉ. नरेंद्र, सुरक्षा अधिकारी हेम जोशी, एपीओ अपर्णा अवस्थी, अधिवक्ता अनूप पांथरी, प्राविधिक स्वयंसेवी प्रियंका रॉय, साइबर सेल की प्रतिनिधि दीपशिखा, सीआईयू से मनोज कुमार आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *