लेखपाल 30 के बाद नहीं करेंगे अतिरिक्त कार्य

Spread the love

रामनगर। उत्तराखंड लेखपाल संघ की तहसील इकाई रामनगर ने एक सूत्रीय मांग को लेकर एसडीएम गौरव चटवाल को ज्ञापन सौंपा। तहसील अध्यक्ष डीएस पंचपाल ने बताया कि विगत कई वर्षों से तहसील में रिक्त लेखपाल क्षेत्रों को नहीं भरा जा रहा है और न ही लेखपाल क्षेत्रों का पुनर्गठन हुआ है। बदलते समय में बढ़ते हुए जनसंख्या घनत्व के कारण कार्य की अधिकता है। ऐसे में लेखपालों को शारीरिक, मानसिक समस्याओं से गुजरना पड़ रहा है।
लेखपालों पर अतिरिक्त कार्य होने के कारण गत वर्षों में सेवा का अधिकार, सूचना का अधिकार, विभिन्न आयोगों के पत्र, शासन प्रशासन की जांच सम्बन्धी प्रकरण और प्रमाण पत्रों एवं मूल कार्य भूलेख आदि कार्य समय से पूर्ण नहीं हो पा रहे हैं। जिसके कारण सदस्यों पर दण्ड आरोपित होने के साथ-साथ कार्यशैली भी धूमिल हो रही है। इन परिस्थितियों में कोई भी लेखपाल अतिरिक्त क्षेत्रों पर कार्य करने पर सहमत नहीं है। राजस्व निरीक्षक तारा चंद्र घिल्डियाल ने कहा कि 15 दिनों में कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई तो समस्त लेखपाल सिर्फ अपने मूल क्षेत्रों में ही काम करेंगे। अतिरिक्त क्षेत्रों का लैंड रिकर्ड तहसील में जमा कर 30 जून से अतिरिक्त क्षेत्रों का सम्पूर्ण कार्य बहिष्कार प्रारंभ कर दिया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में तहसील मंत्री गोपाल सिंह बिष्ट,तारा चन्द्र घिल्डियाल,आरिफ हुसैन,आशुतोष चन्द्र, रंजना आर्य,पुष्पा भण्डारी आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *