जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गढ़वाल मोटर ओनर्स यूनियन लिमिटेड ने गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी से कोटद्वार से श्रीनगर के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति सुधार करवाने की मांग की है। कहा कि बरसात के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग से सफर करना भी मुश्किल हो गया है।
समस्या के संबंध में यूनियन के अध्यक्ष जीत सिंह पटवाल ने गढ़वाल सांसद को पत्र भेजा। बताया कि कोटद्वार-दुगड्डा-पौड़ी-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को गढ़वाल की लाइफ लाइन कहा जाता है। लेकिन, पिछले कई वर्षों से यह राष्ट्रीय राजमार्ग बदहाल स्थिति में पड़ा हुआ है। सबसे बुरी स्थिति कोटद्वार-दुगड्डा के मध्य बनी हुई है। हल्की बारिश होने पर ही पहाड़ी से बोल्डर सड़क पर गिर जाते हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग पर सैकड़ों डेंजर जोन बने हुए हैं। बदहाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। कोटद्वार-पाखरो-मोरघट्टी-रामनगर वन मार्ग को जंगल का हवाला देते हुए वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है, जिससे गढ़वाल व कुमाऊं की जनता प्रभावित हो रही है। कहा कि उक्त मार्ग को वाहनों के लिए खोला जाना चाहिए। यूनियन ने सतपुली-व्यासघाट-देवप्रयाग मार्ग को आलवेदर मार्ग की भांति विकसित करने की भी मांग उठाई। कहा कि इससे यातायात को बेहतर बनाया जा सकता है। कहा कि पौड़ी के आसपास के क्षेत्रों से केवल देवप्रयाग ही नहीं, इसके अतिरिक्त हरिद्वार-ऋषिकेश व देहरादून जाने के लिए सुगम सड़क मार्ग मिलेगा। यूनियन ने बद्रीनाथ मार्ग पर जाम से निजात के लिए विष्णुप्रयाग के आसपास बाईपास मार्ग बनवाने की मांग भी की है।