सोनप्रयाग-गौरीकुंड में हुए 62 माल वाहक घोड़ा खच्चर को लाइसेंस जारी

Spread the love

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा के लिए सोनप्रयाग और गौरीकुंड में जिला पंचायत की टीमों द्वारा नियमित रूप से पंजीकरण एवं लाइसेंस बनाने का काम शुरू कर दिया गया। जिला पंचायत ने दूसरे दिन 32 माल वाहक घोडा-खच्चर एवं 30 कंडी के पंजीकरण किए। आगामी 25 अप्रैल से शुरू हो रही केदारनाथ धाम की यात्रा को लेकर सभी विभागों द्वारा तैयारियां की जा रही है। रविवार से जिला पंचायत की टीमें सोनप्रयाग व गौरीकुंड में नियमित रूप से पंजीकरण व लाइसेंस बनाने के कार्य में जुट गई है। सोनप्रयाग में मालवाहक घोडा-खच्चर व हाकरों का पंजीकरण, जबकि गौरीकुंड में डंडी-कंडी एवं मजदूरों का पंजीकरण व लाइसेंस बनाने का कार्य होगा। पहले दिन एक भी पंजीकरण नहीं हो सका। सोमवार को जिला पंचायत ने 32 माल वाहक घोडे-खच्चरों मेडिकल प्रमाण पत्र एवं बीमा के बाद लाइसेंस जारी किए। जबकि 30 कंडी के पंजीकरण कर उन्हें लाइसेंस निर्गत किए गए।
जिला पंचायत की ओर से घोडे-खच्चर एवं डंडी कंडी मजूदरों के लिए लाइसेंस फीस 400 रूपए, 40 रूपए बीमा एवं 214 रूपए टोकन फीस के रूप में लिए जा रहे है। जनपद के विभिन्न स्थानों पर शिविरों के माध्यम से 4500 सवारी घोडे खच्चरों के पंजीकरण पहले ही हो चुका है। यह लाइसेंस छह माह के लिए वैध होगा। जिला पंचायत के कर अधिकारी गोविंद प्रसाद तिवारी ने बताया कि सोनप्रयाग व गौरीकुंड में लाइसेंस बनाने के दूसरे दिन कुल 62 माल वाहक घोडे खच्चर एवं कंडी के लाइसेंस निर्गत किए गए। पंजीकरण टीम में कर निरीक्षक ज्ञानेन्द्र बगवाडी, दिनेश नौटियाल, बलवीर सिंह नेगी सहित अन्य स्टाफ मौजूद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *