दांव पर जिंदगी, खोह नदी में लग रही डुबकी

Spread the love

तीन माह में चार युवकों की डूबने से हो चुकी है मौत
लगातार बढ़ रही गर्मी में खोह नदी में पहुंच रहे लोग
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पर्यटक अपनी जान की परवाह किए बिना खोह नदी में डुबकी लगा रहे हैं। जबकि, पूर्व में चार युवकों की नदी में डूबने से मौत भी हो चुकी है। हालांकि सिद्धबली के समीप पुलिस लगातार पर्यटकों को नदी में जाने से रोक रही है। लेकिन, अन्य स्थानों पर बेखौफ डुबकी लग रही है। यही नहीं जंगल से सटी खोह नदी में हाथियों का भी डर बना रहता है। दरअसल, भीषण गर्मी में हाथियों का झुंड जंगल से निकालकर पानी पीने के लिए खोह नदी में पहुंचता है।
कोटद्वार व आसपास के क्षेत्रों में गर्मी का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा। तेज चिलचिलाती धूप के बीच बढ़ रही उमस ने आमजन का जीना मुहाल कर दिया है। मंगलवार को कोटद्वार शहर का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेंटीग्रेड के आंकड़ें को छू रहा था। दोपहर के समय लोगों का घरों से बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया। नतीजा, शहर की सड़कों पर बहुत कम भीड़ ही दिखाई दी। भीषण गर्मी से निजात पाने के लिए कई लोग खोह नदी में डुबकी लगाने पहुंच रहे हैं। बताना जरूरी है कि खोह नदी में पिछले तीन माह में चार युवकों की डूबने से मौत हो गई है। मंगलवार को श्री सिद्धबली मंदिर में भारी भीड़ उमड़ रही है। श्रद्धालु मंदिर दर्शन के बाद खोह नदी की ओर जाते हैं। ऐसे में मंगलवार को पुलिस व एसडीआरएफ की टीमें नदी में तैनात रहती हैं। लेकिन, अन्य दिनों में नदी की ओर जाने वाले युवाओं को रोकने के लिए कोई सुरक्षा कर्मी न होने के कारण हादसे की संभावनाएं बनी रहती हैं। हालांकि, पुलिस की ओर से नदी में जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *