बागेश्वर। हिमालय की उच्च चोटियों में हल्का हिमपात तथा निचले भू-भाग में वर्षा हुई। इसके चलते एक बार फिर से ठंड लौट आई है। लोगों ने गरम कपड़े फिर से निकाल लिए हैं। गांवों में ठंडी हवाएं चल रही हैं। लोग अलाव जला रहे हैं। वर्षा होने से फसलों को लाभ होने की संभावना है। शनिवार की सुबह से जिले के गरुड़, कपकोट तथा बागेश्वर विकास खंड में रिमझिम वर्षा हुई। यह सिलसिला 10 बजे तक चलता रहा। उसके बाद धूप तथा छांव का खेल चला। अपराह्न बाद फिर बाछल छा गए। जंगलों की आग में भी राहत है। इसके चलते वन विभाग भी चैन में है। वहीं, खेती-किसानी के लिए बारिश अच्छी बताई जा रही है। फल, सब्जी आदि का उत्पादन अच्छा होने की उम्मीद है। उधर, जिला आपदा अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि मौसम विभाग के अनुसार जिले में कहीं-कहीं वर्षा तथा 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्र में हिमपात की संभावना बताई गई है।