पुरानी पेंशन लाभ से वंचित शिक्षकों की मांगी सूची

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि
पौड़ी। शिक्षा महकमे में अक्टूबर 2005 से पूर्व मौलिक रूप से नियुक्त शिक्षकों और 2003 की विज्ञप्ति से राजकीय इंटर कालेजों में नियुक्त प्रवक्ताओं को पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिए जाने के मामले में एडी माध्यमिक शिक्षा ने मंडल के सभी मुख्य शिक्षाधिकारियों को पत्र लिखा है। एडी ने कहा कि इस मामले में निदेशालय को रिपोर्ट भेजी जानी है लिहाजा इन प्रकरणों में शामिल शिक्षकों की सूची का सत्यापन कर रिपोर्ट मंडल को उपलब्ध करा दे ताकि इसे निदेशालय को भेजा जा सके। इस मामले में प्रांतीय महामंत्री राजकीय शिक्षक संघ डा. सोहन सिंह माजिला, आशुतोष जोशी और अन्य शिक्षकों ने एडी सहित निदेशालय और शासन को प्रकरण पर संज्ञान लेने की मांग की है। शिक्षकों ने उत्तराखंड सेवानिवृत्तक लाभ अधिनियम का भी इसमें जिक्र किया है। क्योंकि निदेशालय में एलटी शिक्षकों और प्रवक्ताओं के सेवा संबंधी अभिलेख उपलब्ध नहीं है। लिहाजा इस सूची में शामिल शिक्षकों के सेवा अभिलेख का मिलान और सत्यापन कर रिपोर्ट दी जाए। वर्ष 2004 में पौड़ी जिले की कोटद्वार विधानसभा में उपचुनाव के कारण तब लगी आचार संहिता से कई शिक्षकों की नियुक्त नहीं हो पाई थी । उन शिक्षकों को अब पुरानी पेंशन का लाभ से भी वंचित होना पड़ रहा है। एडी माध्यमिक शिक्षा गढ़वाल मंडल एमएस बिष्ट ने बताया कि इस संबंध में सभी मुख्य शिक्षाधिकारियों को रिपोर्ट देने के लिए कहा है। प्रकरणों का सत्यापन करते हुए निदेशालय को अवगत कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *