जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर शुक्रवार को व्यापार संघ की बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों ने भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रावत को अपनी विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाया। कहा कि ऑनलाइन खरीददारी का प्रचलन बढ़ने से स्थानीय बाजार आर्थिक तंगी से गुजर रहे हैं।
आयोजित बैठक में व्यापारियों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर चर्चा की। साथ ही भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रावत को अपनी समस्या से अवगत करवाया। कहा कि वर्तमान में ऑनलाइन खरीददारी का प्रचलन लगातार बढ़ता जा रहा है। लोग छोटे से लेकर बड़ा सामान भी ऑनलाइन ही खरीद रहे हैं। यही कारण है कि बाजार क्षेत्र का व्यापार मंदा होता जा रहा है। वीरेंद्र रावत ने इस समस्या को लेकर व्यापारियों के साथ जागरूकता अभियान चलाने की बात कही। कहा कि घर-घर जाकर लोगों को लोकल बाजार से सामान खरीदने के लिए जागरूक किया जाएगा। कहा कि इसके लिए समूह भी तैयार किए जाएंगे। कहा कि स्थानीय बाजार आर्थिकी की रीढ़ है। ऐसे में बाजार को बचाएं रखना हम सभी की प्रमुखता है। कहा कि व्यापारियों को भी समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाने चाहिए। जिससे स्थानीय लोग अपना रूख लोकल बाजार की ओर कर सकें।