हल्द्वानी। नगर निगम क्षेत्र में होने वाले निर्माण कार्यों के शिलापट में स्थानीय जन प्रतिनिधियों का नाम लिखना होगा। इसके लिए नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने निर्माण कार्य से जुड़े सभी विभागों को पत्र जारी किया है। इसके अनुसार काम पूरा होने पर मेयर के साथ ही वार्ड के पार्षद का नाम लिखना होगा। नगर निगम क्षेत्र में विभिन्न विभाग विकास योजनाओं के बजट से निर्माण कार्य करते हैं। इसके पूरा होने पर लगने वाले शिलापट में स्थानीय प्रतिनिधियों का नाम नहीं लिखे जाने की शिकायतें लगातार दर्ज हो रहीं हैं। जिससे कई बार विवाद की स्थिति भी बनती रहती है। इसके समाधान के लिए सभी का नाम दर्ज करने की मांग प्रतिनिधि करते रहते हैं। अब इसके समाधान के लिए नगर आयुक्त ने जल संस्थान, पेयजल निगम, लोक निर्माण विभाग, ऊर्जा निगम, सिंचाई विभाग, केएमवीएन, विकास खंड, मंडी परिषद के साथ ही ग्रामीण निर्माण विभाग को पत्र भेजा है। भेजे गए पत्र में लोकापर्ण और शिलान्यास के लिए लगने वाले शिलापटों में मेयर के साथ स्थानीय पार्षद का नाम अंकित करने को कहा गया है। नगरआयुक्त ने बताया कि लगातार मिल रही शिकायतों के समाधान के लिए पत्र भेजा गया है।