दुकान का तोड़ा ताला, लाखों का सामान साफ

Spread the love

पटेल मार्ग स्थित एक पान की दुकान में हुई चोरी
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गढ़वाल के प्रवेश द्वार कोटद्वार में चोरी की घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही। कुछ दिन पूर्व जहां चोरों ने बाजार क्षेत्र में चोरी की घटना को अंजाम दिया था। वहीं, अब पटेल मार्ग स्थित एक पान की दुकान का ताला तोड़कर लाखों का सामान साफ करने की घटना सामने आई है। दुकान स्वामी की तहरीर के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
दुकान स्वामी ने बताया कि पटेल मार्ग में उनकी पान की दुकान है। रविवार देर रात वह दुकान बढ़ाने के बाद घर चले गए थे। लेकिन, सोमवार सुबह करीब छह बजे जैसे ही वह दुकान में पहुंचे उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। दुकान में ताले ताले टूटे हुए थे व शटर का एक हिस्सा भी टूटा हुआ था। जब उन्होंने शटर हटाकर अंदर देखा तो वहां सामान बिखरा हुआ था। दुकान में रखा गुटका, सिगरेट सहित अन्य सामान गायब था। बताया कि चोरी किए गए सामान की कीमत करीब दो लाख रुपये तक की है। वहीं, पटेल मार्ग में हुई इस घटना से शहर में कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि रात के समय पुलिस की गश्त नहीं दिखाई देती, जिससे बदमाशों के हौंसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *