परिसर निदेशक के आश्वासन पर तालेबंदी स्थगित

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : बीजीआर परिसर पौड़ी में छात्र संघ और अन्य छात्र नेताओं का आंदोलन परिसर निदेशक के साथ वार्ता के बाद खत्म हो गया है। छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर समस्याओं का हल नहीं होता है तो वह फिर धरना और तालाबंदी करेंगे। वह विभिन्न समस्याओं के निराकरण को लेकर तालेबंदी और धरना दे रहे थे। परिसर निदेशक डा. प्रभाकर बडोनी ने छात्रों को समस्याओं का हल करने का उचित आश्वासन दिया। जिस पर छात्रसंघ पदाधिकारियों ने अपना धरना समाप्त कर दिया।
सोमवार को परिसर निदेशक और छात्र संघ पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में छात्रसंघ अध्यक्ष अंकित नौटियाल, उपाध्यक्ष आयुष रावत ने कहा कि गढ़वाल विवि प्रशासन बीजीआर परिसर में छात्र हितों की निरंतर उपेक्षा करता आ रहा है। बीकॉम में सात वर्षों से शिक्षकों की तैनाती नहीं हुई है। भवन निर्माण तक नहीं हो पाया है। प्रवेश के लिए सीयूईटी की व्यवस्था के चलते अधिकांश छात्र-छात्राएं प्रवेश लेने से वंचित रह गए हैं। परिसर के समस्त संकायों में 90 फीसदी से ज्यादा सीटें खाली पड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि परिसर की रिक्त सीटों पर छात्रों को जल्द ऑनलाइन प्रवेश सुविधा प्रदान की जाए। कहा कि बीएससी, एमएससी, बीकॉम, एमए द्वितीय सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम की घोषणा आज तक नहीं की गई, जबकि अब विवि में शीतकालीन अवकाश कुछ दिनों में घोषित हो जाएगा। परिसर निदेशक ने कहा कि बुधवार को श्रीनगर से एक टीम परिसर आएगी जोकि निर्माण कार्य संबंधी शिकायतों को हल करने का काम करेगी। इस मौके पर सचिव मुकुल कुमार, कोषाध्यक्ष दिवाकर सिंह आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *