पीएम मोदी नहीं, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला जाएंगे बांग्लादेश

Spread the love

नई दिल्ली , भारत की ओर से बांग्लादेश के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल नहीं होंगे। उनकी जगह लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह जानकारी विदेश मंत्रालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, 17 फरवरी 2026 को ढाका में आयोजित होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में ओम बिरला नई सरकार के गठन के इस महत्वपूर्ण अवसर पर मौजूद रहेंगे। मंत्रालय ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष की उपस्थिति भारत और बांग्लादेश के बीच गहरी मित्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
इससे पहले अटकलें लगाई जा रही थीं कि प्रधानमंत्री मोदी समारोह में शामिल हो सकते हैं, लेकिन व्यस्त कार्यक्रम के चलते उनका दौरा संभव नहीं हो सका। 17 फरवरी को मुंबई में उनकी फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक पहले से निर्धारित है। साथ ही भारत में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट सहित अन्य कार्यक्रम भी तय हैं।
विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया कि भारत, साझा इतिहास, संस्कृति और आपसी सम्मान से जुड़े पड़ोसी के रूप में बांग्लादेश में तारिक रहमान के नेतृत्व में बनी नई निर्वाचित सरकार का स्वागत करता है। मंत्रालय ने इसे दोनों देशों के बीच मजबूत संबंधों और लोकतांत्रिक परंपराओं की निरंतरता का प्रतीक बताया।
बयान में यह भी उल्लेख किया गया कि बांग्लादेश की जनता ने भारी समर्थन देकर नई सरकार को चुना है, जो क्षेत्रीय सहयोग और आपसी विश्वास को और मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है। भारत ने दोनों देशों के बीच बहुआयामी साझेदारी को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *