रुद्रपुर में गैस एजेंसी पर लगी उपभोक्ताओं की लंबी कतार

Spread the love

रुद्रपुर। गाबा चौक स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर सोमवार को एक बार फिर घरेलू गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की लंबी कतार लग गई। बीते कुछ दिनों से होम डिलीवरी व्यवस्था शुरू होने के बाद एजेंसी परिसर में भीड़ कम हो गई थी, लेकिन सोमवार को हालात फिर पुराने दिनों जैसे नजर आए। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी के बाहर पहुंच गए। लोगों ने बताया कि रविवार को गैस सिलेंडर की आपूर्ति घरों तक नहीं पहुंची, जिससे उपभोक्ताओं में असमंजस की स्थिति बन गई। सोमवार को गैस से लदी गाड़ी एजेंसी पर पहुंचते ही लोगों को आशंका हुई कि कहीं होम डिलीवरी सेवा बंद तो नहीं कर दी गई है। इसी कारण कई उपभोक्ता स्वयं एजेंसी पहुंचकर लाइन में लग गए। सिलेंडर लेने आए मोहित ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से वितरण वाहन नियमित रूप से मोहल्लों में नहीं पहुंच रहा है, जिससे लोगों को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एजेंसी के बाहर लगी कतार ने आपूर्ति व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं की चिंता को भी उजागर किया है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी व्यवस्था को नियमित किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को एजेंसी के बाहर लंबी लाइन में न लगना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *