जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : एक तरफ प्रशासन गैस सिलेंडर की पर्याप्त व्यवस्था होने के दावे कर रहा है। वहीं, शहर में गैस सिलेंडर के लिए लोगों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही है। घंटों इंतजार के बाद लोगों को सिलेंडर मिल रहा है। समय से गैस सिलेंडर नहीं मिलने से लोगों र्की ंचता बढ़ने लगी है।
ईरान-इजराइल युद्ध के बाद गैस की किल्लत लगातार बढ़ती जा रही है। लोग सुबह से ही बुकिंग के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं। हालांकि, गैस बुकिंग के लिए उपभोक्ता को गैस एजेंसी में जाकर पंजीकरण करवाना होगा। पंजीकरण के तीन दिन बाद उपभोक्ता को गैस मिल जाएगी। दरअसल, पूर्व में फोन से ही गैस बुक हो रही थी। लेकिन, पिछले चार-पांच दिनों से यह प्रक्रिया बंद हो गई है। उपभोक्ताओं की माने तो तमाम प्रयासों के बाद भी फोन से गैस बुकिंग नहीं हो पा रही। उपभोक्ता गैस बुकिंग को एजेंसी में पहुंच रहे हैं। लेकिन, यहां सर्वर की समस्या के चलते उनकी गैस बुक नहीं हो पा रही। नतीजा, शहरवासियों को सिलेंडर सप्लाई होने वाले अड्डों पर पहुंचकर लंबी-लंबी कतारें लगनी पड़ रही हैं। क्षेत्रवासियों ने बताया कि गैस के इंतजार में उनका पूरा दिन व्यतीत हो रहा है। ऐसे में सबसे अधिक परेशानी शादी समारोह वाले घरों में हो रही है। सरकार को जनता के हित को देखते हुए गंभीरता से कार्य करना चाहिए।