मोरी, पुरोला और नौगांव में मतदाताओं की लगी लंबी कतारें

Spread the love

उत्तरकाशी। पंचायत चुनाव के यज्ञ में आहुति डालने के लिए मतदाताओं में गजब का उत्साह दिखा। सुबह से ही बूथों पर कतार लगनी शुरू हुई और फिर यह क्रम नहीं टूटा। वे न तो बारिश से डिगे और न ही भूख-प्यास से व्याकुल हुए। हर मतदाता में अपना मुखिया चुनने की ललक दिखी। जो बुजुर्ग बीमार थे और चलने फिरने में असमर्थ थे, वह भी बेटे या पौत्र के सहारे बूथ पर पहुंचे। पहली बार मतदान करने को लेकर युवाओं ने भी खासा उत्साह दिखा। कुछ युवक- युवतियां तो साथ में अपना वोटर आईडी कार्ड व आधार साथ ले आये। वहीं नई नवेली दुल्हनें भी पहली बार ससुराल की चौखट लांघकर बूथ पर पहुंची।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में गांव की सरकार चुनने के लिए पहले चरण में गुरुवार को सीमांत जनपद उत्तरकाशी के मोरी, पुरोला व नौगांव ब्लॉकों में मतदान हुआ। बारिश के मौसम को देखकर माना जा रहा था कि बूथों पर मतदाताओं की कतार देखने को न मिले, लेकिन गुरुवार को मतदान के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। मतदाताओं में मतदान करने को लेकर गजब का उत्साह दिखाई दिया। यहां सुबह सात बजे के पहले ही अधिकांश बूथों पर मतदाताओं की कतार लग गई थी। लोग जल्द से जल्द मतदान शुरू होने का इंतजार कर रहे थे। कुछ लोगों ने तो यह ठान लिया था कि पहला वोट वह ही डालेंगे। इसलिए वे भोर में सुबह छह बजे ही बूथ पर पहुंच गए थे। जैसा कोई दूसरा व्यक्ति पहुंचता था कि बोल पड़ते थे कि भाई हम सबसे पहले लाइन में लगे हैं। इस दौरान जिस भी बूथ पर नजर गई, हर जगह महिलाओं व पुरुषों की लंबी कतार लगी दिखी। युवाओं को छोड़िए, बुजुर्ग भी मतदान करने को लेकर उत्साहित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *