बाल रामलीला कमेटी की ओर से निकाली गई मनमोह झांकी
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: बाल रामलीला कमेटी की ओर से कोटद्वार शहर में धूमधाम के साथ राम बारात की मनमोहक झांकी निकाली गई। इस दौरान शहरवासियों ने जगह-जगह फूल बरसाकर भगवान राम का स्वागत किया।
बाल रामलीला कमेटी की ओर से पुराना सिद्धबली मार्ग में रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। शनिवार देर शाम मंचन से पूर्व शहर में भव्य राम बारात निकाली गई। भगवान राम के भजनों व ढोल-नगाड़ों के साथ चल रही बाजार का जगह-जगह स्वागत किया गया। कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह नेगी व विनय भाटिया ने बताया कि राम बारात का शुभारंभ पुराना सिद्धबली मार्ग से किया गया था। बारात झंडाचौक, बदरीनाथ मार्ग, पटेल मार्ग, नजीबाबाद रोड, स्टेशन रोड से होते हुए वापस मंचन स्थल पर पहुंची। मुख्य सिंहासन पर श्री राम, लक्ष्मण व विश्वामित्र विराजमान थे। बारात में भगवान शिव, कृष्ण सहित अन्य झांकी भी आकर्षण का केंद्र रही। इसके उपरांत रात के समय राम विवाह का मनमोहक मंचन किया गया। रामलीला देखने के लिए दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। पूरा पंडाल जय श्री राम के जयघोष से गूंज उठा। इस मौके पर पार्षद विपिन डोबरियाल, नितिन गुप्ता, अनिल नेगी, विजय अग्रवाल, अजय कश्यप आदि मौजूद रहे।