महाशिवरात्रि पर धूमधाम से निकली भगवान शिव की शोभायात्रा

Spread the love

हरिद्वार। महाशिवरात्रि पर्व पर सुभाषघाट स्थित प्रकाशेश्वर महादेव मंदिर से भगवान शिव की शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गयी। शोभायात्रा में भव्य झांकियां आकर्षण का केंद्र रही। विभिन्न स्थानों पर शोभायात्रा का पुष्प वर्षा कर अभिनंदन किया गया। समापन के पश्चात समस्त श्रद्घालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। सुभाष घाट स्थित प्रकाशेश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ हुई शोभा यात्रा अपर रोड, बड़ा बाजार से होते हुए वापस सुभाष घाट पहुंचकर संपन्न हुई। शोभायात्रा के आयोजक राजेंद्र कुमार वधावन व नरेश बेदी ने बताया कि महाशिवरात्रि पर्व पर सुभाष घाट के व्यापारियों द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली जाती है। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी धूमधाम से शोभायात्रा निकाली गई। आशीष शर्मा व सुमित शर्मा ने कहा कि महाशिवरात्रि का पर्व भगवान शिव की आराधना का सबसे बड़ा पर्व है। महाशिवरात्रि पर भगवान शिव की शोभायात्रा में सम्मिलित होने वाले श्रद्घालुओं की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। शोभायात्रा में नंदी, भूतप्रेत एवं गंधर्व, देवी देवताओं की वेशभूषा में कलाकारों, सुंदर और भव्य झांकियां श्रद्घालु भक्तों के आकर्षण का केंद्र रही। बैंड बाजे ढोल नगाड़ा के साथ भगवान शिव के गीतों पर श्रद्घालु झूमने को मजबूर हो गये। शोभायात्रा में हिमांशु शर्मा, अजय शास्त्री, रमेश चंद शर्मा, सुमित शर्मा, सुभाष खत्री, आदेश मारवाड़ी, कमल ठाकुर, दीपक शर्मा, आकाश ठाकुर आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *