होली पर जमकर बरसे रंग, गुलाल, भाईचारे व सौहार्द का दिया संदेश

Spread the love

उत्तरकाशी(। उत्तरकाशी नगर क्षेत्र में होली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर होल्यारों ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर जमकर होली खेली और आपसी भाईचारे व सौहार्द का संदेश दिया। जनपद मुख्यालय में पुलिस लाइन एवं कोतवाली उत्तरकाशी में आयोजित होली कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने पुलिस जवानों एवं परिवारजनों के बीच पहुंचकर होली मनाई। पूर्व विधायक विजयपाल सिंह सजवाण के आवास पर भव्य होली मिलन कार्यक्रम में होल्यारों ने डीजे की धुन पर दिनभर जमकर होली खेली। जनपद मुख्यालय सहित जोशियाड़ा, ज्ञानसू, लदाड़ी, मुख्य बाजार, गंगोरी, मातली आदि जगहों पर होल्यार रंगों से सराबोर नजर आए। नगर पालिका क्षेत्र पुरोला समेत रामा कमल सिरांई के गांव-गांव में रंग-बिरंगे रंगों के साथ होली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। मुख्य होली उत्सव नगर पालिका क्षेत्र के पुरोला गांव स्थित बांके बिहारी भगवान राधाकृष्ण मंदिर में मनाया गया। वहीं नगर के सभी वार्डों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों की होल्यार टीमों ने ढोल-नगाड़ों के साथ तांदी गीत गाते हुए नृत्य किया। खलाड़ी, गुंदियाट गांव, हुडोली, चंदेली, ढकाड़ा, कुफारा, करड़ा सहित दर्जनों गांवों में पारंपरिक होली की धूम देखने को मिली। गुंदियाट गांव में कपिल मुनि महाराज, नागराज तथा दुर्गा मंदिर में भी होली मनाई गई। वहीं, नौगांव ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं ने पंचायत चौक में सामूहिक रूप से होली खेली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *